- युवाओं से धोखा, अपमानित किया जा रहा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में पेपर लीक के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर हमला बोला। सीएम ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वहां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के साथ धोखा और उनका अपमान हो रहा है, जबकि जिम्मेदार नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी, गुरूवार को करनाल जिले की कुटेल मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे थे। यहां उनके साथ पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह और विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने भी पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पंजाब में फार्मेसी पेपर लीक पर उठाए सवाल
सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब में फार्मेसी का पेपर लीक होने के बाद छात्र सड़कों पर हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की स्थिति ‘हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और’ वाली कहावत पर सटीक बैठती है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले कहा था कि यदि कहीं पेपर लीक होगा तो शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाएगा, लेकिन अब उनके नेताओं के मुंह पर ताला लगा हुआ है।
पीएम मोदी के कानून का किया समर्थन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में पेपर लीक के खिलाफ कड़ा कानून बनाया है, जिसके तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि इस कानून के अनुसार अगर कोई व्यक्ति युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ करता है, तो उसे 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि 1986 में राजीव गांधी के समय केवल चर्चा हुई थी, लेकिन कोई ठोस कानून नहीं बनाया गया था, जबकि 2024 में केंद्र सरकार ने इसे कानून का रूप दिया।
जंतर-मंतर विवाद पर जताई नाराजगी
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की गई भाषा पर सीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिन शब्दों का इस्तेमाल किया गया, उन्हें बच्चों के माता-पिता भी नहीं सुन सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है और उनके संस्कारों को प्रभावित कर रही है।
वन महोत्सव में 20 हजार बच्चों ने किया पौधारोपण
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को वन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर लगभग 20 हजार बच्चों ने पौधारोपण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी उल्लेख किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए 48 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी फॉरेस्ट विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह की अपील
कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी लोगों से अपील की कि जो व्यक्ति सक्षम है, वह कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध वातावरण मिल सके। राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आलोचना करना है, जबकि सत्ता पक्ष का काम जवाब देना है।
कंगना रनोट के बयान पर प्रतिक्रिया टाली
भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनोट के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने अभी तक उनका बयान नहीं सुना है और सुनने के बाद ही प्रतिक्रिया देंगे। उन्होंने कहा कि पेड़ों की सुरक्षा के लिए कागज के उपयोग को कम करना जरूरी है और वह इस दिशा में पहले से ही लोगों को जागरूक करते आ रहे हैं।
पेड़ बचाने के लिए निगरानी पर जोर
राव नरबीर सिंह ने कहा कि वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी पौधारोपण किया जाए, वहां कम से कम एक हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए जाएं, ताकि उनकी बेहतर निगरानी हो सके। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों की पांच साल तक देखरेख सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उनकी सफलता दर बढ़ सके।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भी रखे विचार
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भी अपने विचार साझा किए और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। साथ ही उन्होने कुटेल यूनिवर्सिटी के सामने से निकल रहे गंदे नाले के सुदृढ़ीकरण की मांग भी रखी।
