- PM सदन नहीं आ रहे
अंबाला लोकसभी सीट से कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना रविवार को यमुनानगर पहुंचे। यहां वे कांग्रेस नेत्री संध्या के निवास पर पहुंचे थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर चर्चा चाहता है, लेकिन सरकार बहस से बच रही है।
प्रधानमंत्री और उनकी माता के खिलाफ कथित अपशब्दों के इस्तेमाल से जुड़े सवाल पर मुलाना ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए। लेकिन भाजपा के नेता देखें कि वह संसद के अंदर और बाहर कैसी भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्हें भी अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए।
सरकार खुद संसद का काम रोक रही
लोकसभा में जारी गतिरोध पर सांसद ने कहा कि सरकार स्वयं संसद का काम रोकने का प्रयास कर रही है, जबकि विपक्ष जनता के मुद्दों पर चर्चा चाहता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े हालिया मामलों पर सरकार को जवाब देना चाहिए, लेकिन बिना चर्चा के विधेयक पारित कराने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि सरकार को सदन में आकर सवालों का जवाब देना चाहिए।
पीएम चर्चा के लिए सदन में नहीं आते
मुलाना ने कहा कि प्रधानमंत्री संसद भवन परिसर स्थित अपने कार्यालय तो आते हैं, लेकिन सदन में चर्चा के लिए उपस्थित नहीं होते। उन्होंने कहा कि शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और पारदर्शी व्यवस्था मिल सके।
भाजपा सरकार में आम लोगों की सुनवाई नहीं
फास्ट ट्रैक कोर्ट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में पहले से 850 से अधिक विशेष अदालतें कार्यरत हैं, लेकिन उनमें लाखों मामले लंबित हैं। ऐसे में केवल नई अदालतों की घोषणा करने के बजाय न्यायिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है।
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आम लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को संसद में उठाना चाहती है, लेकिन सरकार चर्चा और जवाबदेही से बच रही है।
