• DSP पर नियुक्ति दे सरकार

झज्जर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के पूर्व कुलपति विवेक शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को लेकर प्रदेश सरकार की खेल नीति पर सवाल उठाए।

हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन का श्रेय किसी विशेष सरकारी खेल नीति को नहीं दिया जा सकता।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2010 में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने खेलों में शानदार प्रदर्शन किया था। उनके कार्यकाल में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी सहित अन्य उच्च सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जाती थीं। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता था और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती थी।

इस समय प्रभावी खेल नीति नहीं दे रही दिखाई

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में खिलाड़ियों के लिए न तो प्रभावी खेल नीति दिखाई दे रही है और न ही योग्य खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप सरकारी सेवाओं में उचित अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी समेत अन्य बड़े सरकारी पदों पर नियुक्ति दी जाए।

राहुल गांधी पर FIR को लेकर भाजपा पर निशाना

पत्रकारों ने जब भाजपा की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने को लेकर सवाल किया तो हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चाहे कुछ भी कर ले, इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। इस दौरान बदली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भी उनके साथ मौजूद रहे।