- बोले-एक पुरानी ID से 2 नई आईडी बनाईं
बहादुरगढ़ नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी बनाए जाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इनेलो नेता कपूर राठी ने पत्रकार वार्ता कर नगर परिषद की प्रॉपर्टी आईडी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी की चाच, सास और भाजपा नेता कर्मबीर राठी की पत्नी दर्शना के नाम दर्ज बताई जा रही संपत्तियों का हवाला देते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कपूर राठी ने बताया कि उनके अनुसार पुरानी प्रॉपर्टी आईडी BGR/WB/1276 दोनों प्लॉटों के लिए एक ही थी। आरोप है कि बाद में इसी पुरानी आईडी के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दो नई प्रॉपर्टी आईडी तैयार कर दी गईं।
उन्होंने दावा किया कि एक संपत्ति नेताजी नगर पार्ट-2 में करीब 142 गज रिहायशी जमीन के तौर पर दर्ज है। इसकी नई प्रॉपर्टी आईडी 3BY75C56 बताई गई। वहीं दूसरी संपत्ति उद्योग नगर पार्ट-2 में करीब 5 हजार गज कृषि भूमि के रूप में दर्ज होने का दावा किया गया है, जिसकी नई प्रॉपर्टी आईडी 3BYQGG45 बताई गई।
दोनों संपत्तियों के बीच एक किलोमीटर की दूरी
इनेलो नेता ने सवाल उठाया कि दोनों संपत्तियां अलग-अलग स्थानों पर बताई जा रही हैं और उनके बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में एक ही पुरानी प्रॉपर्टी आईडी से दोनों संपत्तियों की अलग-अलग नई आईडी किस आधार पर बनाई गईं, इसकी जांच होनी चाहिए।
अवैध प्लॉटिंग को वैध दिखाने का आरोप
कपूर राठी ने आरोप लगाया कि अवैध जमीन और अवैध प्लाटिंग को वैध दिखाने के लिए प्रॉपर्टी आईडी बनाने की प्रक्रिया का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि यदि रिकॉर्ड में एक ही पुरानी आईडी से अलग-अलग स्थानों पर नई आईडी बनाई गई हैं, तो यह गंभीर मामला है और इसकी जांच जरूरी है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की मांग
कपूर राठी ने नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी बनाने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुराने रिकॉर्ड, नई प्रॉपर्टी आईडी, जमीन के दस्तावेज और आईडी बनाने की प्रक्रिया की जांच से वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। उन्होंने आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
