हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : मुख्यमंत्री नायब सैनी को पंजाब से फुर्सत नहीं और हरियाणा में हर वर्ग के लोग सड़कों पर उतरे हुए हैं। ये विचार सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोमवार को गांव धुराला में आयोजित शाहबाद ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। वे इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। भाजपा नेता कॉलोनियां काटने में लगे हैं जबकि भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से प्रदेश में सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। वहीं भाजपा सरकार उनके प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाए हुए हैं। कांग्रेस उनकी सभी मांगों का पूर्ण समर्थन करती हैं। कांग्रेस सफाई कर्मचारियों का अपमान और मंत्रियों का अहंकारी रवैया सहन नहीं करेगी है। सरकार को सबसे पहले कर्मचारियों की मांगों का समाधान करना चाहिए।
पेंशन मिलना तो दूर सफाई कर्मचारी अपनी तनख्वाह के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में 14,000 सफाई कर्मचारी ग्रामीण अंचल में और 11,000 शहरों में लगे थे। इस बार हमने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का काम करेंगे ताकि उनकी पेंशन तक की भी व्यवस्था भी हो सके, लेकिन पेंशन मिलना तो दूर सफाई कर्मचारी अपनी तनख्वाह के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। उधर सरकार की ओर से धरना दे रहे एचकेआरएन के 30 कर्मियों को नौकरी से हटा दिया गया।
