- आरोप-मुख्यमंत्री धन गिन रहे, चाबी गुम होने पर चलेगा पता, पगड़ी पहनने पर फिर घेरा
डबवाली विधानसभा से इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने आज मीडिया को दिए बयान में कहा, सिरसा जिले में धान, नरमा व ग्वार की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। इस बार बारिश नहीं हुई, जिससे फसल खराब हो गई। ग्वार तो किसानों ने जुताई शुरू कर दी है। इसलिए इनेलो की ओर से मुख्यमंत्री के नाम डीसी को सौंपे ज्ञापन में सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है।
जिले के सातों ब्लॉक में मूल्यांकन करवाकर रिपोर्ट सरकार को भेजो। धान देखने में हरा है और उसमें कुछ नहीं। नरमा की फसल का काला रंग होने लगा है। ग्वार में फली में दाना ही नहीं है। इसका किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए। इस पर डीसी ने कहा है कि सभी एसडीएम व विभाग से मूल्यांकन करवाकर रिपोर्ट भेजेंगे।
विधायक आदित्य सोमवार दोपहर को पार्टी जिलाध्यक्ष व समर्थकों के साथ डीसी से मिलने पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।
सीएम के बयान पर बोले, मुख्यमंत्री धान नहीं धन लगाता है
सीएम नायब सैनी द्वारा नहरी पानी ठीक आने व फसल ठीक होने के बयान पर विधायक आदित्य प्रतिक्रिया करते हुए बोले, मुख्यमंत्री धान नहीं लगाते, धन लगाता है। दोनों पति-पत्नी धन गिन रहे हैं। उनको फसल का क्या पता? वे फसल नोटों को मान रहे हैं। आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सुभाष चंद्रा के 22500 करोड़ माफ कर रहे हैं, आम किसान के माफ नहीं किए। इनकी जिस दिन पैसों की तिजोरी खराब होगी, तब मानेंगे कि फसल खराब हो गई।
मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के बजाय प्रतिशत बताया : आदित्य
प्रदेश में कानून व्यवस्था पर विधायक आदित्य बोले, हरियाणा की दिन-प्रतिदिन पंजाब-उत्तर प्रदेश से हालत बदतर हो रही है। आए दिन फिरौती डैकेती की घटनाएं और मर्डर हो रहे हैं। इस बार मैंने स्वयं विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया था कि प्रदेश में भय का माहौल है।
इस पर मुख्यमंत्री हंसते हुए बोले, इस बार पहले से आधा प्रतिशत डैकेती की घटनाएं कम हुई है, पिछली बार से ढाई प्रतिशत फिरौती की घटनाएं कम हुई है। हमने आंकड़े मांगे थे और सरकार प्रतिशत बता रही है।
मैंने मुख्यमंत्री को बीच में टोकते हुए कहा, आपने आंकड़ें नहीं दिए, क्योंकि आप बेबस हो। आपसे लॉ एंड ऑर्डर कंट्रोल नहीं हो रहा। इसी सदन में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज भी बैठे हैं। अगर पिछली बार से ढाई प्रतिशत क्राइम कम है तो वो सरकार फेलियर थी। इस सरकार का दिवालिया निकल चुका है। इन्होंने जनता को मुर्ख बनाया ही है और सोचते हैं कि विधायकों को उल्लू बना देंगे।
पंजाब के युवाओं के वोट काटने शुरू : विधायक
विधायक आदित्य देवीलाल पंजाब में राजनीतिक हालात पर बोले, हमारे दादा चौ. देवीलाल के अकाली दल और पूर्व सीएम रहे प्रकाश सिंह बादल से परिवारिक रिश्ते रहे हैं। ये पीढ़ी दर पीढ़ी रहेंगे, जो टूटेंगे नहीं। लेकिन हमारे मुख्यमंत्री रोज पंजाब में हेलीकॉप्टर लेकर जाते हैं और चक्कर लगाकर आ जाते हैं। मगर नीचे नहीं उतरते, उनकाे कोई चाय पिलाने वाला नहीं है।
यहां आकर लोगों को बताते हैं कि पंजाब जाकर आया हूं। यहां के लोगों के काम हो नहीं रहे और न लोगों को अटैंड कर रहे हैं। चुनाव के चलते ये इसी कोशिश में लगे हैं कि पंजाब को किस तरह से हथियाएं। जितना युवा पंजाब से विदेश में गया है। एजेंट या लोगों से पैसे लेकर गए और वहां ट्रक या गाड़ी चलाकर अपना घर चला रहे हैं।
उनके इन्होंने वोट काटने शुरू कर दिए। बीजेपी वाले कहते कि पंजाब के एक करोड़ युवा विदेश में गए हैं। ये एक करोड़ वोट काटने का काम किया है कि किसी तरह पंजाब में सरकार बनाई जाए। इनेलो हम अकाली के साथ है।
सीएम के पग पहनने पर विधायक फिर बोले, वोट के लिए पगड़ी पहनते
मुख्यमंत्री के पग पहनने पर विधायक आदित्य एक बार फिर पलटवार करते हुए तंज कसा कि, हमारे मुख्यमंत्री पिछले कुछ दिनों पगड़ी पहनकर घूम रहे हैं। मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। मगर बीजेपी धर्म की राजनीति कर रही है। विधानसभा में कुछ ही समया बोलने को मिला था और कहा, क्या दिल्ली से फोन नहीं आया कि आज पगड़ी पहनकर आना है।
इस पर मुख्यमंत्री जवाब में मुझे बोले, आपने भी पगड़ी पहनी है। इस पर मैंने जवाब दिया कि मैंने हरी पगड़ी धारण की है। ये हरी पगड़ी किसानों का प्रतीक है और हरी पगड़ी हरियाणा का प्रतीक है, चौ. देवीलाल की सोच का प्रतीक है। हमने वोटों की राजनीति के लिए पगड़ी धारण नहीं की है। आपकी तरह नोटंकी नहीं है कि वोटों के लिए पगड़ी पहननी है।
पगड़ी सिख का सम्मान है। जब बिहार में जाते हो तो कहते कि मैं बिहारी हूं। पंजाब में पगड़ी पहनकर जाते हो तो कहते कि मैं पंजाबी हूं। आप कहीं वोटों के लिए लुगाई मत बन जाना। मुख्यमंत्री किरदार निभा रहे हैं। इनको आम जनता से कोई सरोकार नहीं है।
