• झज्जर में दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर साधा निशाना

झज्जर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा शुक्रवार को झज्जर पहुंचे। उन्होंने मातनहेल, साल्हावास और झज्जर ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन को लेकर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से जमीनी फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के सेवा संकल्प अभियान समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

दीपेंद्र हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर कहा कि कार्यक्रम को लेकर आम जनता ने दूरी बनाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सवा करोड़ दीए जलाने का दावा करने वाली भाजपा ने सरकारी इमारत पर दीए जलाकर ही कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि युवाओं का रिएक्शन भी इस कार्यक्रम को लेकर सामने आया है।

हुड्डा ने कहा कि भाजपा के मंत्री लगातार उन्हें निशाने पर ले रहे हैं। समय आने पर जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पार्टी हरियाणा के लोगों के जनहित की लड़ाई लड़ रहे हैं और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।

शिक्षा और विकास पर सरकार से पूछा सवाल

दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षा तंत्र को बर्बाद करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि झज्जर के विकास और शिक्षा को लेकर सरकार जवाब दे कि क्या झज्जर हरियाणा में नहीं, पाकिस्तान में है?

केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

हुड्डा ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार को संविधान और लोकतंत्र विरोधी बताते हुए कई आरोप लगाए। UPI को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते दुनिया भर में देश की अर्थव्यवस्था को खोखला करने का काम किया जा रहा है।

बैठक में विधायक गीता भुक्कल और विधायक कुलदीप वत्स सहित कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।