- सिरसा MLA सेतिया ने सीएम सैनी पर कसा तंज
सिरसा में इनेलो के बाद अब सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने भी ग्रीवांस मीटिंग के चेयरमैन मुख्यमंत्री नायब सैनी पर सवाल उठाए हैं। इसकी वजह है कि फरियादियों की सुनवाई न हो पाना और सिरसा का विकास के बजाय हर कार्यों में लेटलतीफी होना। इसी कार्यप्रणाली को लेकर विधायक गोकुल सेतिया ने शुक्रवार रात्रि को विवादित पोस्ट डालकर आरोप लगाते हुए घेरा हैं।
विधायक गोकुल ने पोस्ट में लिखा-अगर मैंने एम्स सिरसा को मिलने पर मुख्यमंत्री को स्टेज पर जाकर धन्यवाद किया था तो आज मैं ही हूं, जो हमेशा की तरह सच्चाई कह रहा हूं। आज तक इतना बेडा़गर्क सिरसा का कभी नहीं हुआ। जितना अब हो रहा है और आप यहां के ग्रीवांस के चेयरमैन है मुख्यमंत्री साहब।
डीएमसी साहब शहर में फोटो शूट पर और काम जीरो, एडीसी साहब के पास ग्रांट नहीं सिर्फ जी विधायक जी, बिजली महकमे वाले बेलगाम, पब्लिक हेल्थ को तो श्राप है कोई काम ढंग से होना ही नहीं, ना नहरों में पानी, तहसील में सब अफसर बीमार। बेड़ागर्क हुआ पड़ा है यहां का और ग्रीवांस के चेयरमैन मुख्यमंत्री जी हैं।
सानू एसतो चंगा किस होर स्टेट च ही पदो (हमें किसी और राज्य में शामिल कर दो), जे तूसी सानू हरियाणा दा हिस्सा नी समझना तां (अगर हम सिरसा को हरियाणा का हिस्सा न समझते हो)।
ग्रीवांस में कोई विधायक नहीं पहुंचा
शुरू में ग्रीवांस मीटिंग के दौरान सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला, ऐलनाबाद विधायक के प्रतिनिधि सुमित बेनीवाल अपनी-अपनी शिकायतें लेकर आए थे। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर दिखे थे और उनकी समस्याओं की फाइल ली थी।
इसके बाद से और इस बार कोई विधायक ग्रीवांस में नहीं आया और तब से अब तक इनेलो विधायक एक भी नहीं पहुंचा।
समस्या लेकर आने वाले फरियादी रहते हैं बाहर
ग्रीवांस के लिए मीटिंग हॉल में सिर्फ शिकायतकर्ताओं को ही एंट्री दी जाती है। जो लोग अपनी-अपनी समस्या लेकर आते हैं। चाहे वे किसी तरह से प्रताड़ित है या पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। उनको बाहर ही रोक लिया जाता है और मीटिंग हॉल में एंट्री नहीं दी जाती। जब सीएम ग्रीवांस के बाद जाते हैं तो उनकी शिकायतें ली जाती है, पर उनमें होता कुछ नहीं।
इस बार भी ग्रीवांस के दौरान घंटों तक फरियादी मीटिंग हॉल के बाहर पार्क में खड़े रहे और गर्मी के चलते एक बुजुर्ग महिला चक्कर आने से नीचे गिर गई थी।
अभय चौटाला भी सीएम पर लगा चुके आरोप
इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने भी मुख्यमंत्री नायब सैनी पर ग्रीवांस में फरियादियों को धमकाने का आरोप लगा चुके हैं। मीडिया को दिए बयान में कहा था कि सीएम फरियादियों की सुनने के बजाय अधिकारियों की तरफदारी करते हैं। अधिकांश फरियादियों को बाहर रखा जाता है।
अभय चौटाला ने कहा था, अगली बार मैं आम नागरिक के नाते ग्रीवांस में जाऊंगा। अगर ये पता चल गया कि ग्रीवांस में मैं आ रहा हूं तो सीएम ही नहीं आएगा। जब जाऊंगा तो सवाल जरूर पूछूंगा और सिरसा और प्रदेश के हालात पर बात करूंगा। सिरसा में भी फरियादियों के लिए अपने घर जैसा दरबार लगाने की मांग की है।
