• गुरुग्राम में वोट चोरी मुद्दे पर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

देश और प्रदेश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में कथित वोट चोरी और चुनावी हेराफेरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज पूरे हरियाणा में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। चुनाव आयोग और मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह आक्रोश प्रदर्शन सभी जिला मुख्यालयों पर होगा।

गुरुग्राम में इस प्रदर्शन का नेतृत्व खुद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र और हरियाणा प्रदेश प्रभारी संजय दत्त करेंगे। शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी के चलते गुरुग्राम का प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है। यहां भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायकों और पूर्व प्रत्याशियों के पहुंचने की उम्मीद है।

राव नरेंद्र और संजय दत्त के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता जिला सचिवालय की ओर कूच करेंगे और जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपेंगे। जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनकी गिरफ्तारी के साथ उनके कार्यकाल में हुए निर्णयों की समीक्षा की मांग की जाएगी।

सभी जिलों में जिम्मेदारी सौंपी

आंदोलन को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस ने एक ठोस रणनीति तैयार की है। पार्टी ने सभी जिलों के लिए दो-दो सीनियर नेताओं की विशेष जिम्मेदारी लगाई है। ये वरिष्ठ नेता अपने-अपने आवंटित जिलों में पहुंच चुके हैं और स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रदर्शन की कमान संभाल रहे हैं।

इन प्रभारियों की देखरेख में ही जिला स्तर पर विरोध मार्च निकाले जा रहे हैं।

बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने बताया कि लोकतंत्र में जनता का वोट ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कांग्रेस किसी भी कीमत पर जनता के इस संवैधानिक अधिकार पर डाका नहीं डालने देगी। यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की है, जो निष्पक्ष चुनाव प्रणाली में विश्वास रखता है।

इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।