- फरीदाबाद मैराथन को लेकर BJP और कांग्रेस आमने-सामने
फरीदाबाद में आयोजित ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ नमो हाफ मैराथन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मैराथन को सरकारी पैसे की बर्बादी बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। अब कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पलटवार करते हुए सुरजेवाला के बयान को नकारात्मक राजनीति करार दिया है।
विपुल गोयल ने कहा कि मैराथन में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा शामिल हुए। इसका उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने सुरजेवाला पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह बच्चों और युवाओं का मनोबल नहीं बढ़ा सकते तो कम से कम उनका मनोबल घटाने का काम भी न करें।
गोयल ने कहा कि मैराथन में शामिल होने के लिए किसी को पैसे देकर भीड़ नहीं जुटाई गई। लोग अपनी इच्छा से कार्यक्रम में पहुंचे और नशामुक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सकारात्मक अभियान का समर्थन करना चाहिए, न कि इस पर सवाल खड़े करने चाहिए।
नगर निगम घोटाले की जांच पर भी घेरा
नगर निगम में कथित घोटाले को लेकर सुरजेवाला द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी विपुल गोयल ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सामने आएगी और उसी से स्पष्ट होगा कि पूरे मामले में किसने क्या किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जांच को लेकर गंभीर है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरजेवाला ने उठाए थे सवाल
इससे पहले रणदीप सिंह सुरजेवाला ने फरीदाबाद में आयोजित हाफ मैराथन को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकारी पैसे का इस्तेमाल कर कार्यक्रम आयोजित किया गया और इसमें करोड़ों रुपये खर्च किए गए। सुरजेवाला ने कहा था कि सरकार को जनता के पैसे का इस्तेमाल दिखावे के आयोजनों के बजाय शहर की मूलभूत समस्याओं को दूर करने में करना चाहिए।
घोटालों को लेकर भी सरकार को घेरा था
सुरजेवाला ने नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर भी सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि फरीदाबाद में विकास कार्यों और सरकारी व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार जवाब देने के बजाय केवल आयोजनों के जरिए अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी है।
नशामुक्ति के मुद्दे पर भी सियासी वार
विपुल गोयल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसा कोई बड़ा अभियान नहीं चलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है और हाफ मैराथन भी इसी संदेश का हिस्सा था।
