- राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने पीआर धान की खरीद, वोट चोरी के आरोपों और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के वायरल वीडियो को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। बराला ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की खरीद और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
वहीं, वोट चोरी के आरोपों को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी हार की हताशा में जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। वे उचाना में अपनी बहन कौशल्या देवी के निवास पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
दुष्यंत चौटाला के वोट चोरी के बजाय वोटों की डकैती होने के बयान पर बराला ने महम कांड का जिक्र करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली घटनाओं को भूलकर विपक्ष आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहा है। बराला ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आपातकाल का जिक्र किया और कहा कि विपक्ष को अपने अतीत पर भी नजर डालनी चाहिए।
पूर्व सरकारों पर युवाओं से अन्याय करने का आरोप
बराला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर नौकरियों में पक्षपात और योग्य युवाओं के साथ अन्याय करने के आरोप लगाए। बराला ने दावा किया कि भाजपा सरकार अब तक दो लाख युवाओं को नौकरियां दे चुकी है और भविष्य में भी मेरिट के आधार पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता 2029 के विधानसभा चुनाव में अपना जवाब देगी।
राहुल गांधी द्वारा सांसद दीपेंद्र हुड्डा को गाड़ी से उतारे जाने के वायरल वीडियो पर बराला ने कहा कि यह केवल दीपेंद्र हुड्डा का नहीं, बल्कि हरियाणा की जनता का अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी के व्यवहार को लेकर कई सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वे बड़े नेताओं को भी अपने अधीन समझते हैं। बराला ने अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि जनता ने इन घटनाओं को देखा है।
सरकार का उद्देश्य किसानों को सुविधा देना : बराला
दुष्यंत चौटाला द्वारा पीआर धान की खरीद को लेकर उठाए गए सवालों पर सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसानों की सुविधा और उनकी फसल की खरीद सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित हैं और सरकार निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद कर रही है। बराला के मुताबिक, प्रदेश की ज्यादातर मंडियों में एक से अधिक सरकारी एजेंसियां खरीद कर रही हैं।
बारिश के कुछ दिनों को छोड़कर धान खरीद में कोई बड़ी समस्या नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन वेदप्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मंडियों का दौरा कर रहे हैं, ताकि किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर बराला ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार की हताशा में विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए वोट चोरी का प्रचार कर रहा है। बराला ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लिए काम किया है और इसी कारण केंद्र में लगातार तीसरी बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनी है।
