करनाल/कीर्ति कथूरिया :   लोकसभा चुनाव और करनाल विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीएम नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक साथ मिलकर रैलियां कर रहे हैं। रविवार को करनाल में अंबेडकर जयंती के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने विजय संकल्प रैली का आयोजन किया, जिसमें मुख्यमंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल एक साथ पहुंचे।

करनाल की पुरानी सब्जी में बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विजय संकल्प रैली को संबोधित करने से पहले बाबा साहब को मुख्यमंत्री ने याद किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने पिछले लगभग 10 सालों में अपने सभी वादे पूरे किए हैं।

जबकि कांग्रेस ने अपने कई दशकों के शासनकाल में जनता की कभी सुध नहीं ली। कांग्रेस ने केवल गरीब को और गरीब किया। कांग्रेस ने न कभी किसानों की परवाह की और न ही युवाओं की। महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सम्मान की कभी भी कांग्रेस ने चिंता नहीं की। हर वर्ग की उपेक्षा के कारण आज कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। सुबह जिसे तैयार करते हैं, शाम को वह मना कर जाता है।

नायब सैनी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के कार्यो के आगे कांग्रेस के 55 साल का कार्यकाल कहीं ठहरता ही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकार बाबा साहब डॉ.भीम राव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चल रही है। बाबा साहब के बनाए संविधान के कारण ही हम सभी आज खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इसमें महिलाओं, युवाओं, गरीबों, मजदूरों आदि समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। जो 2019 का संकल्प पत्र था, उसे पूरा करने के बाद उसके आगे की योजनाओं को लिया गया है, जबकि कांग्रेस कभी भी अपनी घोषणाओं को पूरा नहीं कर पाई है।

स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की परिकल्पना पर दिल्ली-अमृतसर फोन लेन बनाया गया था, लेकिन कांग्रेस के शासन में इसकी हालत खस्ता हो गई। सैनी ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे पूरा किया है। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं व उपलब्धियां गिनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा धारा 370 पर राजनीति की है।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर के अंदर धारा 370 को हटाया गया, जबकि कांग्रेस ने इस पर सिर्फ राजनीति की और 370 धारा हटाने की बजाय इसे हटाने के विरोध में खड़ी रही। करनाल विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि बाबा साहब एक महान व्यक्तित्व थे, संविधान में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनसे आज भी युवा प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के द्वारा करवाई जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत रूप से चर्चा की।

कांग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं, कांग्रेस का जोश भी ठंडा पड़ा: मनोहर लाल

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कार्यकर्ताओं का भी टोटा है। कांग्रेस का जोश ठंडा पड़ चुका है। कांग्रेस अभी तक अपने कैंडिडेट को भी मैदान में नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि मेरे सत्ता संभालने से पहले प्रदेश में जातिवाद फैला हुआ था,भ्रष्टाचार फैला हुआ था,परिवारवाद की लड़ाइयां लड़ी जाती थी, कांग्रेस ने अपने ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर की पिटाई कर दी, इससे बड़ा कोई दुर्भाग्य नहीं हो सकता।

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस की हालत ज्यादा खराब हो चुकी है। जनता आज केवल मोदी की गारंटी का विश्वास करती है। क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले जितने वादे किए थे, वो सारे संकल्प के साथ पिछले दस सालों में पूरे किए और अब विकसित भारत का विजन लेकर मोदी जी आगे बढ़ रहे हैं। देश की भी मोदी जी के इस संकल्प को पूरा करने में उनका साथ दे रही है।

इस अवसर पर करनाल के सांसद संजय भाटिया ने भी दावा कि लोकसभा प्रत्याशी के रूप में मनोहरलाल जी और विधानसभा प्रत्याशी के रूप में नायब सैनी जी रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने करनाल में भी विकास के ऐतिहासिक काम किए हैं। हर व्यक्ति फिर से डबल इंजन की सरकार चाहता है, इसलिए तीसरी बार भी डबल इंजन की सरकार बनना तय है। करनाल इसमें अहम भूमिका निभाएगा।

इस रैली को राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, निवर्तमान मेयर रेनू बाला गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, पूर्व मुख्यमंत्री प्रतिनिधि संजय बठला, निर्मला बैरागी, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा मीना चौहान, वाइस चेयरमैन स्वच्छ भारत मिशन सुभाष चंद्र, गुरमेज गोंदर, रामनगर मंडल अध्यक्ष अमर टक्कर, शहरी मंडल अध्यक्ष बिशन सिंह शेखावत, अर्बन मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता, करण मंडल अध्यक्ष साहिल मदान, जिला उपाध्यक्ष रजनी प्रोचा, जिला सचिव मंजू खेंची, पूर्व सीनियर डिप्टी में राजेश अग्घी, पूर्व डिप्टी में नवीन कुमार,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगदेव पाढा व अन्य नेताओं ने रैली को संबोधित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *