- बोलीं- महिला-युवाओं का हित BJP के हाथों में सुरक्षित
हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता रविवार को पहली बार भिवानी पहुंचीं। इस दौरान सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने बॉक्सिंग ग्लव्स भेंट किए। इस दौरान मंच से अर्चना गुप्ता ने बॉक्सिंग ग्लव्स पहनकर पंच लगाकर दिखाए। वहीं सम्मान समारोह में अर्चना गुप्ता ने मंच से हाथ जोड़कर व सिर झुकाकर लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल को नमन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ-साथ युवाओं के हित केवल भाजपा के हाथों में ही सुरक्षित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं, महिलाओं, किसान, आर्थिक रूप से पिछड़े व हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही हैं।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान भी किया। कॉमनवेल्थ खेलों में भिवानी से पदक विजेता खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं दीं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने बॉक्सिंग के ग्लव्स पहनकर महिलाओं में जोश भरने का काम किया।
कार्यक्रम में ये नेता-मंत्री रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी, पूर्व राज्य सभा सांसद किरण चौधरी, भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह के पुत्र मोहित चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री बिशंभर वाल्मीकि, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, हरियाणा महिला आयोग की वाईस चेयरपर्सन मीना परमार, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की नव नियुक्त वाइस चेयरपर्सन रेनू डाबला, भाजपा के सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी मुकेश गौड़, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी भी मौजूद रहे।
पीएम-सीएम ने बढ़ाया महिलाओं का मान-सम्मान
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के हितों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश में 15 करोड़ घरों में शौचालय बनवाने का काम किया। देश में 12 करोड़ घरों में धुआं रहित इंधन का चूल्हा जलाने और नल से स्वच्छ जल पहुंचाने का काम किया है। इसी प्रकार से 4 करोड़ घरों में गरीब महिलाओं को पीएम आवास योजना के तहत घर मुहैया करवाए हैं।
उन्होंने कहा कि आज पात्र महिलाओं को 2100 रुपए प्रति महीना लाडो लक्ष्मी योजना के रूप में सम्मान राशि और गरीब परिवारों में 500 रुपए में गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। महिलाओं के हितों की चिंता केवल भाजपा सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री किसी डर से रूकने या झुकने या हार मानने वाले नहीं हैं। प्रधानमंत्री और प्रदेश मुख्यमंत्री ने महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाया।
श्रुति चौधरी बोलीं- भाजपा जो कहती है, वह करती है
इस दौरान महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल-संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। भाजपा का महिला सशक्तिकरण का केवल एक नारा नही है बल्कि भाजपा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेशाध्यक्ष बनाकर महिलाओं में नया जोश भरने का काम किया है। उनको मुख्यमंत्री की कैबिनेट में शामिल होने का सौभाग्य मिला है।
किसानों व आमजन के हितों को देखते हुए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में नाबार्ड से मिली छह हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि से प्रदेशभर की नहरों का जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। उनका प्रयास है कि उनका काम बोले। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी जिम्मेवारी लगाई जाएगी, उनको हर हाल में पूरा किया जाएगा।
किरण चौधरी ने की प्रदेशाध्यक्ष की तारीफ
भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदेशाध्यक्ष बनने से महिलाओं को और अधिक मजबूती मिली है। महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ा है। भाजपा सरकार में हर वर्ग खुश है। भाजपा प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। भिवानी में पेयजल और सीवरेज सिस्टम सुधारने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व राज्य सभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता की कार्यशैली बड़ी अनुपम है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष का पदभार संभालते ही महिलाओं मे नई जान डालने का काम किया है। महिला आरक्षण बिल के समय भी डॉ. अर्चना गुप्ता ने बड़ी ही बारीकी से महिलाओं के हित में संगठन का काम किया, जिसकी हर तरफ तारीफ हुई।
विधायक बोले- प्रदेश में विकास की गंगा बह रही
बवानीखेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना से काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है।
पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि भिवानी एक ऐसा जिला है, जिसने प्रदेश को तीन-तीन सीएम दिए हैं। यहां के लोग बड़े जागरूक हैं। राजनीतिक रूप से समझदार हैं। भिवानी को छोटी काशी के साथ-साथ मिनी क्यूबा कहा जाता है, जो यहां से विशेषकर बेटियों ने साबित कर दिखाया है।
