- झज्जर में बोले- जंतर-मंतर पर आतंकी कनेक्शन की पंजाब पुलिस कर रही जांच
दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के धरने में आतंकवादियों के शामिल होने को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के बयान का कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने समर्थन किया है। झज्जर पहुंचे जेल मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि इस बात की पुष्टि पंजाब पुलिस पहले ही कर चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने प्रेसवार्ता के दौरान पकड़े गए आतंकवादियों से हथियार बरामद होने और उनके जंतर-मंतर पर हुए धरने में शामिल होने की बात कही थी।
बोले- विपक्ष युवाओं को गुमराह कर रहा
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार युवाओं को गुमराह करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के सामने केवल सवाल नहीं रखते, बल्कि उनसे समाधान भी पूछते हैं। जेन-जी से संवाद कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं से सवाल करने के साथ-साथ समस्याओं के समाधान को लेकर भी उनकी राय जानी थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के 7 मेडल पर जताई खुशी
कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर मंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हिस्से में 7 मेडल आए हैं, जो प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी गुजरात को मिलने से जुड़े सवाल पर मंत्री अरविंद शर्मा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और सवाल को टाल गए।
पूर्व वीसी की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे मंत्री
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा झज्जर में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व वीसी विवेक चंद शर्मा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए जंतर-मंतर के धरने, विपक्ष, युवाओं और कॉमनवेल्थ गेम्स से जुड़े सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
