• कैथल में गुहला से पूर्व विधायक का कांग्रेस को अलविदा

कैथल में गुहला से पूर्व विधायक बूटा सिंह ने एक बार फिर इनेलो में वापसी की है। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में पार्टी की ज्वाइनिंग कर ली। चौटाला खुद बूटा सिंह के घर पर पहुंचे और उन्हें इनेलो ज्वाइन करवाई। पिछले चार साल से बूटा सिंह कांग्रेस में थे। अब फिर से अपने समर्थकों सहित इनेलो में आ गए हैं।

राजनीति में लाने में इनेलो का योगदान

जब ज्वाइनिंग के बारे में पूर्व विधायक बूटा सिंह ने बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि जिस मान सम्मान की उम्मीद से उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की थी, उस पार्टी में वह सम्मान नहीं मिला। अब इनेलो सुप्रीमो स्वयं उनके घर पर ज्वाइनिंग करवाने के लिए पहुंचे तो उन्होंने इनेलो ज्वाइन की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनको राजनीति में लाने पार्टी का अहम योगदान रहा है। चौटाला परिवार के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। ऐसे में उन्होंने इनेलो में वापसी की है।

1987 में ही गुहला से विधायक चुने गए

बता दें कि बूटा सिंह 1987 में इनेलो में शामिल हुए थे और 1987 में ही गुहला से विधायक चुने गए। उसके बाद वे पार्टी में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य करते रहे। 2009 से वह इनेलो एससी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। इससे पहले शिक्षा के दौरान भी कई चुनावों में उनकी भागीदारी रही। फिर भाजपा में चले गए।

कहा- इनेलो में रहकर पार्टी और संगठन को मजबूत करेंगे

चार साल पहले उन्होंने भाजपा को अलविदा कह दिया और उसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन कर ली। चार साल से वे कांग्रेस में ही थे। उन्होंने उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया और फिर से इनेलो में आ गए हैं। बूटा सिंह ने कहा कि अब वे इनेलो में रहकर पार्टी और संगठन को मजबूत करेंगे। पार्टी की नीतियों को लोगों के बीच पहुंचाने का कार्य करेंगे और लोगों को साथ जोड़ेंगे।