• राहुल गांधी के खिलाफ पुतला फूंककर जताया विरोध
  • बोले- देश बदनाम करने की राजनीति कर रही कांग्रेस

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला यमुनानगर द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आज सोमवार को जगाधरी में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी ने किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ में देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

इसी के विरोध में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका और कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान युवा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर एकत्रित हुए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब देश तकनीक, डिजिटल क्रांति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, तब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की नकारात्मक छवि प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

देश बदनाम करने की राजनीति कर रही कांग्रेस

भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी ने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। देश स्टार्टअप, डिजिटल इनोवेशन और एआई तकनीक में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में विपक्षी नेताओं द्वारा विदेशों या अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की संस्थाओं और लोकतंत्र पर सवाल उठाना युवाओं को स्वीकार नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार देश को बदनाम करने की राजनीति कर रही है। चौधरी ने कहा कि “जब पूरा विश्व भारत की प्रगति की सराहना कर रहा है, तब कांग्रेस नेता भारत को अस्थिर और पिछड़ा बताने की कोशिश कर रहे हैं। यह राजनीतिक असहमति नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के खिलाफ बयानबाजी है।

एआई समिट को लेकर जताई आपत्ति

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ जैसे मंच देश की तकनीकी प्रगति और युवाओं की प्रतिभा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर हैं। ऐसे आयोजनों में भारत की उपलब्धियों को रेखांकित किया जाना चाहिए, न कि राजनीतिक मतभेदों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उछाला जाना चाहिए।

भाजयुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी ने इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं की, तो भविष्य में और भी बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा राष्ट्र की एकता और सम्मान के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।