- MLA अरोड़ा बोले-पात्र वोट कटे नहीं और फर्जी बचें नहीं
हरियाणा में कल (सोमवार) से शुरू होने जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान से पहले कुरुक्षेत्र में कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के बीएलओ-2 और वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक पंजाबी धर्मशाला में हुई। इस बैठक में SIR प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
थानेसर के विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सिर्फ बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न हो और कोई फर्जी वोटर सूची में बना न रहे।
SIR का स्वागत किया, सवाल भी उठाए
अशोक अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची के शुद्धिकरण के खिलाफ नहीं है। पार्टी SIR प्रक्रिया का स्वागत करती है, लेकिन इसे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ लागू किया जाना चाहिए। यदि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी या पक्षपात सामने आता है तो कांग्रेस उसका विरोध करेगी।
हर स्टेट में एक तरह हो SIR
अरोड़ा ने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया जरूरी है तो इसे सभी राज्यों में एक समान तरीके से लागू किया जाना चाहिए। लोगों को पर्याप्त समय और मौका मिलना चाहिए ताकि वे अपने नामों की जांच कर सकें। साथ ही अपने जरूरी डॉक्यूमेंट जमा कर सकें।
लोकतंत्र मजबूत होना चाहिए
अरोड़ा ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। लोग SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लें और अपने वोट की स्थिति की जांच जरूर करें। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव हैं। जब भी बीएलओ घर पहुंचे तो लोग उन्हें पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।
वोट कटने की खबरों पर जताई चिंता
बैठक के दौरान अशोक अरोड़ा ने अन्य राज्यों में मतदाता सूचियों से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं बड़े स्तर पर वोट काटे जाने जैसी घटनाएं हुई हैं तो यह चिंता का विषय है और ऐसी किसी भी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए।
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई
अशोक अरोड़ा ने एक बार फिर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई बड़े देशों में चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाते हैं और भारत में भी इस पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। उनका कहना था कि इससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और मतदाताओं का भरोसा और मजबूत होगा।
आधार से वोट लिंक करने की वकालत
उन्होंने सुझाव दिया कि मतदाता सूची को आधार से जोड़ने पर भी विचार किया जाना चाहिए। इससे एक व्यक्ति के नाम पर एक से अधिक स्थानों पर वोट होने जैसी समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सकता है और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सकता है।
पैसे कमाने के लिए लीक किया पेपर
अरोड़ा ने नीट पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि नीट का पेपर लीक होना बड़ी घटना है। उसमें जिद्द करना कि मंत्री इस्तीफा नहीं देगा। सरकार की तानशाही को दिखाता है। सिर्फ पैसे कमाने के लिए देश के 22 लाख बच्चों का भविष्य खराब कर दिया।
HPSE का पेपर बेचने का आरोप
विधायक अरोड़ा ने सरकार पर हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSE( का पेपर बेचने का आरोप भी लगाया। आरोप लगाया कि HPSE में हरियाणा के बच्चों को फेल किया जाता, ताकि पेपर को बाहर (दूसरी स्टेट) बेचा जा सके।
