• नारनौल में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोले- भाजपा पहले अपना दामन संभाले

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा व्यवस्था पर परीक्षा माफियाओं का कब्जा हो चुका है।

लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की।

राम मंदिर में करोड़ों का घोटाला

राव नरेंद्र सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थान से जुड़े मामलों में लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से हो जांच

उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सोना, चांदी और नकदी गायब होने तथा करोड़ों रुपए के घोटाले की बातें सामने आ रही हैं। पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराई जानी चाहिए ताकि असली दोषियों का पता चल सके।

सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेस नेता

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इन सभी मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी 8 जुलाई को चंडीगढ़ में बैठक लेंगे, जिसके बाद सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों के बीच सरकार की नीतियों को लेकर संवाद करेंगे।

भाजपा संभाले खुद का दामन

रेवाड़ी के बावल भाजपा की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय क्षेत्र के विधायक, सांसद और मंडल अध्यक्ष का मौके पर नहीं पहुंचना चिंता का विषय है। भाजपा दूसरों पर आरोप लगाने में लगी रहती है, लेकिन उसे पहले अपने संगठन और सरकार की कमियों पर भी ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा की अंदरूनी फूट का कांग्रेस को फायदा उठाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता स्वयं सब कुछ देख रही है।

आपातकाल जैसी मानसिकता

राव नरेंद्र सिंह ने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने सेना में स्थायी भर्ती की व्यवस्था खत्म कर युवाओं के भविष्य के साथ न्याय नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को धरना-प्रदर्शन व जुलूसों से दूर रहने संबंधी पत्र जारी किया है, जो आपातकाल जैसी मानसिकता को दर्शाता है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत नहीं

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अपेक्षित राहत नहीं दी जा रही है। सरकार को आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए ईंधन के दाम कम करने चाहिए।

बैठक में ये रहे शामिल

इससे पहले नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष मनपाल पटीकरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की, जिसे प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर यादव, महिला जिला अध्यक्ष डॉ. राजवती यादव, लोकेश सैनी उर्फ गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।