• शहरी प्रधान बजरंग दास गर्ग के इस्तीफे के बाद बढ़ी हलचल

हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से दबी खींचतान अब सरेआम सामने आ चुकी है। हिसार कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के अचानक इस्तीफे के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है। गर्ग के इस कदम के बाद अब हिसार ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल की कुर्सी पर भी तलवार लटक गई है।

अंदरूनी सूत्रों की मानें तो पार्टी में गुटबाजी बढ़ाने वाले हिसार समेत 7 जिलों के जिलाध्यक्षों को हटाया जा सकता है। इसमें सबसे आगे हिसार इसके बाद सिरसा, अंबाला, यमुनानगर, फरीदबाद, फतेहाबाद और गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष शामिल हो सकते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राज्य के 7 जिलों में नए सिरे से संगठन खड़ा करने के लिए पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त कर दिए हैं। AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) के अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद कांग्रेस हाईकमान अंतिम फैसला लेगा। देखना दिलचस्प होगा कि हिसार में पार्टी पुराने चेहरों पर दांव खेलती है या नए हाथों में कमान सौंपकर जमीनी गुटबाजी को खत्म करने की कोशिश करती है।

वर्करों से फीडबैक लेंगे पर्यवेक्षक

नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक जिलों में जाकर नेताओं, मौजूदा पदाधिकारियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर ही जिलाध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों की सूची तैयार की जाएगी।

विधायक नरेश सेलवाल बोले-नए सिरे से बनेगी टीम

हुड्डा गुट के वरिष्ठ विधायक नरेश सेलवाल ने AICC के आदेशों की पुष्टि करते हुए कहा कि हिसार समेत 7 जिलों में पार्टी नए सिरे से टीम गठित करने जा रही है। सेलवाल के इस बयान ने जिले में राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी है। गर्ग के इस्तीफे के बाद अब संगठन में नए समीकरण बनने तय माने जा रहे हैं।

इसलिए खतरे में पड़ी बृजलाल की कुर्सी

हिसार में शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के इस्तीफे के बाद अब मौजूदा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि AICC के आधिकारिक पत्र में किसी को हटाने का सीधा जिक्र नहीं है, लेकिन 7 जिलों में नए चयन की प्रक्रिया शुरू होने का मतलब साफ है कि हाईकमान निष्क्रिय और गुटबाजी में शामिल नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने के मूड में है।