- अधिकारियों का लेते हैं पक्ष
देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की 113वीं जयंती के अवसर पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से 27 सितंबर को नूंह में ताऊ देवीलाल सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बुधवार को इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सिरसा स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर कार्यक्रम के लिए न्योता दिया।
इस दौरान डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में फरियादियों की सुनवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि वह कमेटी के सदस्य नहीं हैं, इसलिए उसमें शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आने पर वह आम नागरिक की तरह वहां जाकर सवाल पूछेंगे।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों को बाहर खड़ा रहना पड़ता है और मुख्यमंत्री फरियादियों को धमकाते हैं तथा अधिकारियों का पक्ष लेते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगर लोगों की शिकायतें सुनने के लिए रात तक समय देने की बात करते हैं तो सिरसा में भी इसी तरह लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए।
मुख्यमंत्री की संपत्ति पर सवाल
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास पहले ढाई एकड़ जमीन थी, लेकिन अब कोठियां कहां से आईं और पैसा कहां से आया। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के बाद हर चीज का पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।
पगड़ी के बयान पर भी प्रतिक्रिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पगड़ी के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बयान पर अभय चौटाला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पगड़ी केशधारी सिखों को गुरुओं ने दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सिख समाज और हरियाणा का अपमान करने का आरोप लगाया। उनके बयान पर राजनीतिक विवाद की स्थिति बनी हुई है।
कानून-व्यवस्था और महंगाई का मुद्दा उठाया
अभय चौटाला ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को धमकियां मिल रही हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने नशे के कारण अपराध बढ़ने का दावा किया। महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
किसानों की फसल खराबे का मूल्यांकन मांगा
अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश के कई जिले सूखे की स्थिति से प्रभावित हैं। उनके अनुसार बारिश की कमी से धान, ग्वार और नरमा-कपास की फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से फसल खराबे का सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
बीजेपी और कांग्रेस पर भी लगाए आरोप
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों को लेकर जनता में विरोध है। उन्होंने फसल बेचने में किसानों को आ रही दिक्कत और भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए। शहरों में सड़कों की बार-बार खुदाई और काम पूरा नहीं होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।
